टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने 03 अप्रैल 2026 शुक्रवार के दिन ग्राम पंचायत डिकोली में स्थित नरसिंह मंदिर के जीर्णोद्धार एवं नवीन निर्माण कार्यों के संबंध में बैठक आयोजित की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिकोली स्थित नरसिंह मंदिर की जमीन बानसुजारा बांध के डूब क्षेत्र में आ रही थी जिसके भू अर्जन के लिए 57 लाख की राशि स्वीकृत हुई है जिसे नरसिंह मंदिर के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य पर खर्च किया जाएगा। मंदिर के विकास से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, आवश्यक सुविधाओं के विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।—-जनसुनवाई आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना—-कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने ग्राम पंचायत डिकोली में जनसुनवाई आयोजित कर त्वरित समाधान करने हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। ग्रामीण जनों ने कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय को बताया कि संवत् 2015 का अभिलेख नहीं होने के कारण उनका नामांतरण नहीं हो पा रहा है जिसपर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि संवत् 2015 के बाद के अभिलेख को आधार बनाकर नियमानुसार पूर्ण परीक्षण करते हुए नामांतरण का तत्काल निराकरण करें।
ग्रामीणों के माध्यम से श्री श्रोत्रिय को बताया गया कि गांव में कुछ लोगों की खाद्यान्न पर्ची से नाम काट दिए गए हैं कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जनपद सीईओ को तत्काल आवश्यक निरीक्षण करते हुए खाद्यान्न पर्ची में नाम जुड़वाने के निर्देश दिए। इसी के साथ उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं हितलाभ की जानकारी ली। इस अवसर पर पूर्व विधायक राकेश गिरी, जनपद सीईओ मनीष शेंडे,तहसीलदार बड़ागांव पलक कुमार जैन , जिला समन्वयक जिला पंचायत मनीष जैन ,संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

