टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में सोमवार 06 अप्रैल 2026 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टीएल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने गेहूं खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करायें। उन्होंने तहसीलदार, नायब तहसीलदार,पटवारियों, सर्वेयर सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निरंतर सक्रिय रहने हेतु निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त तौल कांटे, बारदाना, पेयजल, छाया तथा किसानों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही भंडारण एवं परिवहन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। टीएल की बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में दर्ज बच्चों को कक्षा एक में प्रवेशित कराएं इसके लिए आंगनवाड़ी केंद्र से ही अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें आधार कार्ड लेकर स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया के लिए भेजें। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में 0 से 03 वर्ष के बच्चों को टेक-होम राशन के लिये उनके माता या पिता को जागरूक करें। स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान श्री श्रोत्रिय ने विशेष रूप से ड्रॉपआउट बच्चों की जानकारी लेकर उन्हें पुनः विद्यालय में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों ने स्कूल छोड़ दिया है, उन्हें चिन्हित कर उनके घर जाकर पुनः प्रवेश दिलाया जाए। दूर स्थित स्कूलों में ड्रॉपआउट की शिकायतें न मिलें उनके लिये शासन के निर्देशानुसार साईकिल की व्यवस्था की जाये। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में बालिका शौचालय स्वीकृत हैं उन्हें शीघ्र कार्य पूर्ण करायें तथा आगे की कार्यवाही करें। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत समस्त विभागों के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की तथा मूलभूत कार्य करते हुये नवाचार और सौंदर्यीकरण के कार्य भी जलगंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत कराने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। आरसीएमएस पोर्टल एवं किसान पंजीयन की समीक्षा करते हुए श्री श्रोत्रिय ने निर्देश दिए कि सीमांकन का कार्य प्राथमिकता से किया जाये तथा किसान पंजीयन, फार्मर रजिस्ट्री तथा संबंधित अभिलेखों का सत्यापन समय-सीमा में पूर्ण करायें, समस्त एसडीएम को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देशित दिये। उन्होंने ई-विकास पोर्टल पर खाद/उर्वरक खरीदारी करने हेतु किसानों की पंजीकरण आईडी बनाने हेतु सभी पटवारी एवं राजस्व अधिकारी तथा कृषि विभाग को निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने आई-गोट कर्मयोगी पोर्टल की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया कि 02 से 08 अप्रैल तक आयोजित साधना सप्ताह में सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त करें। शासकीय स्कूलों एवं शासकीय चिकित्सालयों में वाॅस ऑन व्हील के माध्यम से साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करें। एचपीवी बैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा करते हुये श्री श्रोत्रिय ने शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर स्कूलों एवं छात्रावासों में किशोरी बालिकाओं के वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग अंतर्गत कृषि वर्ष 2026, पीएमडीडीकेवाई, कोर्ट प्रकरण, अवमानना प्रकरण सहित अन्य बिन्दुओं की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे, अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर एसके तोमर तथा श्रीमती अंजली शर्मा, सीएमएचओ डॉ. ओपी अनुरागी, लोकसेवा प्रबंधक अमन गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

