टीकमगढ़ । जिलेवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के द्वारा सम्पत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम हेतु निम्न आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि इनका पालन कर अपने घर एवं आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बनाएं। अपने घर, दुकान एवं आसपास के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाएं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। घर में केवल आवश्यक मात्रा में ही नगदी एवं आभूषण रखें। शेष संपत्ति को बैंक खातों एवं लॉकर में सुरक्षित रखें। किसी विवाह, यात्रा या अन्य कार्यक्रम में बाहर जाते समय अपने विश्वसनीय पड़ोसी को सूचित करें।
साथ ही नजदीकी थाना,चौकी में भी जानकारी अवश्य दें।किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बिना पहचान के घर में प्रवेश न दें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। दरवाजों एवं खिड़कियों पर मजबूत ताले एवं सुरक्षा अलार्म सिस्टम का उपयोग करें। यात्रा या घर खाली होने की जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से साझा न करें। देर रात अनावश्यक बाहर निकलने से बचें एवं आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें। जिले में रात्रि 12 बजे से सुबह 05 बजे तक थाना प्रभारी द्वारा पुलिस बल के साथ चिन्हित सुनसान क्षेत्रों में सक्रिय गश्त की जा रही है। जिले की सीमाओं बॉर्डर पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। मोबाइल वाहनों के माध्यम से क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। राजपत्रित अधिकारियों को औचक निरीक्षण एवं थाना क्षेत्रों के भ्रमण के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही है। क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।थाना क्षेत्र में रात्रि में घूमते व्यक्तियों से पूंछ ताछ की जा रही है एवं संदिग्धता की जाँच हेतु मोबाइल नंबर से साइबर के माध्यम से कराई जा रही है । संभावित अपराधों की रोकथाम हेतु पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।—-पुलिस अधीक्षक की नागरिकों से अपील—-
आपकी सजगता ही आपकी सुरक्षा है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

