टीकमगढ़ । पवित्र तीर्थ क्षेत्र पपौरा जी में आयोजित श्री पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत आज भगवान के ज्ञान कल्याणक का पावन आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर भगवान को केवलज्ञान (सर्वज्ञता) की प्राप्ति का दिव्य प्रसंग विधिवत् विधान, मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाया गया।
समवशरण की भव्य रचना ने मोहा मन
ज्ञान कल्याणक के अवसर पर समवशरण की भव्य रचना का दिव्य दृश्य प्रस्तुत किया गया। समवशरण एक अद्भुत एवं अलौकिक सभा होती है, जिसका निर्माण देवों द्वारा तीर्थंकर भगवान के केवलज्ञान प्राप्त होने पर किया जाता है। इसमें त्रिस्तरीय गोलाकार संरचना होती है, जहाँ चारों दिशाओं में समान रूप से प्रवेश द्वार बनाए जाते हैं।
समवशरण में मध्य में भगवान विराजमान होते हैं और उनके चारों ओर क्रमशः देव, मनुष्य एवं तिर्यंच (पशु-पक्षी आदि) अपनी-अपनी मर्यादा के अनुसार विराजते हैं। इस दिव्य सभा की विशेषता यह होती है कि यहाँ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होता और भगवान की दिव्य ध्वनि सभी जीव अपनी-अपनी भाषा में समझ लेते हैं।
समता और अहिंसा का संदेश: विशुद्ध सागर जी महाराज
इस अवसर पर पट्टाचार्य 108 विशुद्ध सागर जी महाराज ने कहा कि समवशरण की रचना केवलज्ञान की महिमा का प्रतीक है, जहाँ से समता, अहिंसा और धर्म का संदेश सम्पूर्ण जगत में प्रसारित होता है। उन्होंने कहा कि यह दृश्य हमें समभाव, करुणा और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
आहार दान की महिमा पर दिया विशेष जोर
महाराज श्री ने आहार की महिमा बताते हुए कहा कि जो श्रद्धालु भक्ति एवं विनय भाव से मुनिराजों को आहार प्रदान करते हैं, उनके जीवन में कभी अभाव एवं कष्ट नहीं टिकते। आहार दान से आत्मा में पुण्य का उदय होता है और जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर कौशल किशोर भट्ट (पूर्व जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी), राजेंद्र तिवारी (जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी) एवं बृजकिशोर तिवारी (पार्षद, भारतीय जनता पार्टी) की गरिमामयी उपस्थिति रही। समिति के अध्यक्ष सुनील जैन, मंत्री पवन जैन सहित विनय सुनवाहा, राकेश मड़वैया, राकेश चंदावली, सुरेंद्र सुनवाहा, पुष्पेंद्र, अभय तेवरैया, केशवगढ़, संदीप, संजीव, कुमकुम, उमेश जैन एवं अन्य सदस्यों द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, धर्ममय बना वातावरण
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजनों ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया तथा भक्ति भाव से वातावरण को धर्ममय बना दिया। अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

