टीकमगढ़। मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग द्वारा अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा उनके परिवारों के हितों की सुरक्षा हेतु निरंतर संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी पहलें संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में जिला पुलिस टीकमगढ़ में पदस्थ रहे स्वर्गीय प्रधान आरक्षक मोहन चढ़ार के असामयिक निधन से पुलिस परिवार को गहरा आघात पहुँचा। इस दुःखद समय में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के सतत एवं संवेदनशील प्रयासों के फलस्वरूप शोक संतप्त परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने हेतु परोपकार निधि से ₹5,00,000 (पाँच लाख रुपये) की सहायता राशि प्रदान की गई।
दिनांक 17 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, टीकमगढ़ में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वर्गीय प्रधान आरक्षक के परिजनों को सम्मानपूर्वक ₹5 लाख का चेक सौंपा गया। यह पहल न केवल विभागीय संवेदनशीलता का प्रतीक है, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य लिपिक श्री रामाधार त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक श्री विवेक त्रिपाठी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।
उल्लेखनीय है कि टीकमगढ़ पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विगत वर्ष से अब तक पुलिस सैलरी पैकेज एवं परोपकार निधि के अंतर्गत कुल ₹1 करोड़ 45 लाख की सहायता राशि पुलिस परिवारों को प्रदान की जा चुकी है। यह विभाग की मानवीय सोच एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का स्पष्ट परिचायक है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

