टीकमगढ़। पुलिस कंट्रोल रूम टीकमगढ़ में सागर जोन के आईजी मिथिलेश शुक्ला ने डीआईजी विजय खत्री एवं पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई की उपस्थिति में जिले के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित प्रकरणों तथा अपराध नियंत्रण की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान आईजी ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए। साथ ही चालानों को समयबद्ध तरीके से न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए आईजी ने गुम इंसान, बालक एवं बालिकाओं की तत्काल खोज कर सुरक्षित दस्तयाबी सुनिश्चित करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विरुद्ध होने वाले अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। इसके साथ ही खातमा एवं खारिजी प्रकरणों के शीघ्र निपटान के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
आईजी ने लघु अधिनियम, जुआ एक्ट, आबकारी एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए स्थायी वारंटों की तामील और वारंटियों की न्यायालय में पेशी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।
सीएम हेल्पलाइन सहित सभी शिकायतों के समयबद्ध और संतोषजनक समाधान पर भी विशेष बल दिया गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन के साथ शालीन व्यवहार रखें तथा जनसंवाद के माध्यम से नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियान गांव-गांव तक पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान आईजी ने जिले में अपराध नियंत्रण के लिए टीकमगढ़ पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय कार्यवाही जारी रखने के लिए अधिकारियों को प्रेरित किया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटारे, एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, सूबेदार उत्तम सिंह सहित सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

