टीकमगढ़। जिले में महिलाओं की सुरक्षा, स्वतंत्रता एवं समानता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा एक अभिनव और संवेदनशील पहल शुरू की गई है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने थाना एवं चौकी क्षेत्रों में गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर महिलाओं एवं युवतियों से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस पहल के तहत महिला पुलिस अधिकारी घरों के आंगन और दहलीज तक पहुंचकर महिलाओं की समस्याएं, शिकायतें और आवश्यकताएं सुन रही हैं तथा मौके पर ही उनके निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें सुरक्षा के आवश्यक उपायों की जानकारी देने के साथ महिला सुरक्षा, स्वतंत्रता एवं समानता से जुड़े अभियानों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर महिलाओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा का भाव भी विकसित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 17 अप्रैल 2026 को अस्तोन चौकी क्षेत्र में चौकी प्रभारी महिला प्रधान आरक्षक नूरजहां अपने स्टाफ के साथ गांवों में पहुंचीं। उन्होंने मोहल्लों में महिलाओं एवं युवतियों को एकत्रित कर उनके आंगन में संवाद किया, जहां महिलाओं ने अपनी समस्याएं खुलकर साझा कीं। इन समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया गया।
यह पहल पुलिस और समाज के बीच विश्वास को और मजबूत करने के साथ महिलाओं को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

