टीकमगढ़। मजबूत इरादों के सामने शारीरिक चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं, इसका जीवंत उदाहरण हैं वासु राइडर, जो 55 प्रतिशत दिव्यांग होने के बावजूद पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर पूरे देश की साइकिल यात्रा पर निकले हैं। रविवार को उनके टीकमगढ़ आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय एवं पूर्व विधायक राकेश गिरी ने वासु राइडर का शाल-श्रीफल और फूलमाला से सम्मान किया। दोनों ने उनकी इस प्रेरणादायक यात्रा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी वासु राइडर 2 जून 2025 से तिरंगा लेकर देशभर की साइकिल यात्रा कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण मुक्त भारत और सामाजिक सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। यह यात्रा वर्ष 2028 तक जारी रहने की संभावना है।
वासु राइडर ने बताया कि वे जहां-जहां पहुंचे हैं, वहां स्कूलों, कॉलेजों और आम नागरिकों के बीच जागरूकता फैला रहे हैं और उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने टीकमगढ़ में मिले सम्मान को अपने जीवन का यादगार पल बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय और पूर्व विधायक राकेश गिरी ने उन्हें ससम्मान आगे की यात्रा के लिए रवाना किया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

