टीकमगढ़, 20 अप्रैल 2026। जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत आज ईदगाह स्थित चाट चौपाटी के पास कुएं एवं उसके आसपास व्यापक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने स्वयं श्रमदान कर जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जल स्रोतों की साफ-सफाई, संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामूहिक श्रमदान किया गया। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने आमजन से संवाद करते हुए अपील की कि कुओं में कचरा न डालें और स्वच्छता बनाए रखें, ताकि जल स्रोत सुरक्षित रह सकें।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री भदौरिया के निर्देशन में चाट चौपाटी क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया। दुकानदारों को कचरा केवल निर्धारित कचरा वाहनों में ही डालने की समझाइश दी गई तथा पूरे क्षेत्र में डीप क्लीनिंग भी कराई गई।
स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत चाट चौपाटी के पास लगभग 50 मीटर नाली, वार्ड क्रमांक 23 स्थित रसीद रोड की करीब 80 मीटर नाली एवं वार्ड 15 कसगर की गली में लगभग 100 मीटर नाली की सफाई कराई गई।
इस अवसर पर स्थानीय दुकानदारों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान कर अभियान में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में पार्षद राजीव बर्धमान, पार्षद प्रतिनिधि जब्बार खान, सन्नी सोनी, नगर पालिका उपयंत्री, कर्मचारीगण, नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जल संरक्षण के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और इसे जन आंदोलन का रूप दें।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

