टीकमगढ़। अक्षय तृतीया जैसे शुभ अवसर पर समाज में सकारात्मक परिवर्तन और बाल अधिकारों की सुरक्षा के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में आज दिनांक 20 अप्रैल 2026 को महिला सेल स्टाफ द्वारा ग्राम मांडूमर में ग्रामीण स्वावलंबन समिति के सहयोग से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में संवेदनशील एवं विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें यह समझाया गया कि बेटियों का विवाह 18 वर्ष से पहले तथा बेटों का विवाह 21 वर्ष से पहले करना कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इस अवसर पर नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते इस कुप्रथा को रोका जा सके। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं आपातकालीन पुलिस सेवा 112 की जानकारी देकर जरूरत के समय इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महिला सेल टीम द्वारा बच्चों के बीच स्नेहपूर्वक टॉफियां वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।
इस जागरूकता अभियान में महिला सेल टीम के साथ ग्रामीण स्वावलंबन समिति के सदस्य सुरेंद्र, टीना, रवि एवं लक्ष्मण की सक्रिय सहभागिता रही।
यह पहल समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

