टीकमगढ़। दिनांक 21 अप्रैल 2026 को कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 एवं नाली सफाई अभियान के तहत शहर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में नालियों की गहन सफाई कराई गई। इसमें वार्ड 04 भैरव मोहल्ला, वार्ड 06 अखाड़ा रोड, वार्ड 07 में कान्हा प्लेस से श्री सुनील यादव के घर तक, वार्ड 21 कसगर की गली, वार्ड 23 कुमेदान मोहल्ला तथा वार्ड 25 लक्कड़ खाना सहित अन्य क्षेत्रों में डीप क्लीनिंग की गई।
इस दौरान लगभग 2300 मीटर (2.3 किलोमीटर) लंबी नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया गया, जिससे गंदगी और जलभराव की समस्या में कमी आई।
अभियान के दौरान स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी दीपक विश्वकर्मा, वार्ड पार्षद जाहिद खान, सफाई प्रभारी राकेश करोसिया सहित नगर पालिका का अमला उपस्थित रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ताकि टीकमगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सके।

