टीकमगढ़। आज दिनांक 23 अप्रैल 2026 को कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष नाला-नाली सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 26 (वर्मा पेट्रोल पंप के पीछे) लगभग 1000 मीटर लंबी नालियों की सफाई कराई गई, जिससे जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ क्षेत्र में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूती मिली। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 12 नूतन बिहार कॉलोनी में शिव मंदिर से लेकर मुक्तिधाम तक लगभग 400 मीटर नाली की सफाई की गई।
वार्ड क्रमांक 24 में पेट्रोल पंप के पास से भगबानी की दुकान के आगे तक लगभग 300 मीटर नाली साफ कराई गई, वहीं वार्ड क्रमांक 14 में नजाई गल्ला मंडी के अंदर ओवरफ्लो हो रही लगभग 300 मीटर नालियों की सफाई की गई। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 03 हरदोल मंदिर के पास लगभग 200 मीटर, वार्ड क्रमांक 18 में हॉस्पिटल चौराहे से फायर ब्रिगेड चौराहे तक करीब 500 मीटर तथा वार्ड क्रमांक 19 में कलेक्टर बंगले के सामने लगभग 200 मीटर नाली की सफाई कराई गई।
नगर में नालियों की नियमित सफाई को अत्यंत आवश्यक बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि इससे जलभराव, गंदगी और बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इस अभियान में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्री पंकज प्रजापति, सफाई प्रभारी राकेश करोसिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही।
अभियान की सबसे खास बात स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसने यह साबित किया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

