टीकमगढ़। दिनांक 24 अप्रैल 2026 को डिप्टी कलेक्टर एवं नवागत नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के उपरांत उन्होंने नगर पालिका कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली।
बैठक के दौरान सभी कर्मचारियों ने अपना-अपना नाम, पदनाम एवं कार्य से संबंधित परिचय अध्यक्ष महोदया को दिया। इस दौरान नगर के विकास कार्यों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर प्रारंभिक चर्चा भी की गई।
बैठक के पश्चात अध्यक्ष अंजली शर्मा द्वारा ढोंगा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना एएचपी घटक के अंतर्गत निर्माणाधीन फ्लैटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया, उपयंत्री दीपक विश्वकर्मा सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

