टीकमगढ़/निवाड़ी। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में इन दिनों श्री रामराजा लोक का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बढ़ती पर्यटन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा नेता विकास यादव द्वारा पूर्व में उठाए गए मुद्दों पर अब शासन स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि विकास यादव ने 24 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर एक 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा था। इस मांग पत्र में प्रमुख रूप से ऐतिहासिक श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में पुनः प्राण प्रतिष्ठा कराने तथा श्री रामराजा मंदिर परिसर में महारानी कुंवर गणेश की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग शामिल थी।
इतिहास प्रसिद्ध श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, जिसका निर्माण सन् 1622 में महाराज वीर सिंह देव द्वारा कराया गया था, अपनी विशिष्ट वास्तुकला के लिए जाना जाता है। यह मंदिर श्रीयंत्र की संरचना पर आधारित है और बाहरी स्वरूप में उल्लू की चोंच जैसा प्रतीत होता है। लगभग 40 वर्ष पूर्व यहां से भगवान लक्ष्मीनारायण की मूर्ति चोरी हो जाने के बाद से यह मंदिर मूर्तिविहीन है। ऐसे में यहां पुनः प्राण प्रतिष्ठा कराने की मांग लंबे समय से उठ रही थी।
वहीं, दूसरी प्रमुख मांग के तहत श्री रामराजा सरकार को ओरछा लाने वाली महारानी कुंवर गणेश की, श्री रामलला को गोद में लिए हुए प्रतिमा, श्री रामराजा मंदिर के बाहर स्थापित किए जाने का प्रस्ताव भी शामिल है, जिससे धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व को और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत विभाग के अवर सचिव द्वारा कलेक्टर निवाड़ी को मामले में विस्तृत जानकारी एवं प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
शासन स्तर पर कार्रवाई प्रारंभ होने पर भाजपा नेता विकास यादव ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि शीघ्र ही श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में माता लक्ष्मी की प्राण प्रतिष्ठा तथा श्री रामराजा मंदिर परिसर में महारानी कुंवर गणेश की प्रतिमा की स्थापना का कार्य पूरा होगा, जिससे ओरछा की धार्मिक और पर्यटन महत्ता को नई दिशा मिलेगी।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

