टीकमगढ़। स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत आज दिनांक 26 अप्रैल 2026 को कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर सफाई एवं पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने वार्ड क्रमांक 15 का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था देखी और स्थानीय दुकानदारों से संवाद किया। कलेक्टर ने दुकानदारों को दुकान के सामने डस्टबिन रखने एवं कचरा उसमें ही डालने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने जग्गा टी स्टॉल पर चाय भी पी और आम नागरिकों से अपील की कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और गंदगी न फैलाएं। इस दौरान वार्ड पार्षद श्री अनीश खान उपस्थित रहे।
इसके पश्चात वार्ड क्रमांक 21 में पार्षद श्री अभिषेक खरे (रानू) द्वारा विकसित पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। नारगुड़ा रोड पर बनाए गए 22 जल प्वाइंट्स के माध्यम से लगभग 170 घरों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रत्येक प्वाइंट से 10 से 15 परिवार पानी भरते हैं तथा प्रतिदिन लगभग 3 घंटे जल आपूर्ति की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान चकरा स्थित शराब दुकान के पास गंदगी एवं कचरे का ढेर पाए जाने पर कलेक्टर ने मौके पर ही 10 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए तथा साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। साथ ही मुख्य मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
वार्ड क्रमांक 18 स्थित गणेशपुरम कॉलोनी फेज-1 में भी विशेष सफाई अभियान चलाकर नालियों में जमा कचरा हटाया गया। इस दौरान वार्ड पार्षद श्री अजय यादव उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं नवागत नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया, उपयंत्री दीपक विश्वकर्मा, पेयजल सहायक अनिल श्रीवास्तव, सफाई प्रभारी हवालदार श्री राकेश वाल्मीकि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

