टीकमगढ़/पृथ्वीपुर। पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के लोहर गोवा गांव में 23 अप्रैल से 27 अप्रैल तक आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव इन दिनों श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो रहा है। आचार्य विशुद्ध सागर महामुनिराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता देखी जा रही है।
महोत्सव के अंतर्गत 26 अप्रैल को आचार्य श्री के सानिध्य में विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें आदित्य जैन को आशीर्वाद प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम बल्ली जैन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
27 अप्रैल को महोत्सव के समापन अवसर पर भव्य गजरथ परिक्रमण निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इस आयोजन की खास बात यह है कि एक छोटे से गांव में इतने बड़े स्तर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है, जिसे देखकर लोग अभिभूत हैं।
लगभग 20 से 25 गांवों से सर्वधर्म समाज के लोग यहां पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं और आयोजन में सहभागिता निभा रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में जानकारी सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन (केशवगढ़) द्वारा दी गई।

