टीकमगढ़ । जिले में युवाओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं के संवर्धन एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर–2026 के आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधिकारियों एवं खेल विभाग के पदाधिकारियों तथा प्रशिक्षकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई द्वारा शिविर के सफल आयोजन हेतु विस्तृत रूपरेखा तैयार करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उनके निर्देशन में यह समर कैंप टीकमगढ़ पुलिस एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन परिसर के ग्राउंड एवं प्रशिक्षण हॉल में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समर कैंप का आयोजन दिनांक 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा।
शिविर में भाग लेने हेतु अभ्यर्थियों का पंजीयन किया जाएगा तथा सुरक्षा, आवश्यक सुविधाओं एवं प्रशिक्षित कोचों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
शिविर में आउटडोर एवं इनडोर दोनों प्रकार की गतिविधियों को शामिल किया गया है, जिनमें फुटबॉल, एथलेटिक्स, सॉफ्टबॉल, हॉकी, सेल्फ डिफेंस, योग, इंग्लिश स्पोकन कोर्स, डांस, जुम्बा, मेहंदी एवं पेंटिंग जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने निर्देशित किया कि शिविर के माध्यम से विशेष रूप से बालिकाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाए। इस अंतर्गत टीकमगढ़ पुलिस द्वारा गुड टच-बैड टच संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही “युवा जोड़ो अभियान” एवं “प्रतिभा सम्मान अभियान” के तहत प्रतिभागियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं खेल प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित एवं प्रशिक्षित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि शिविर का नियमित मॉनिटरिंग स्वयं उनके द्वारा किया जाएगा तथा वे समय-समय पर प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा जिला खेल अधिकारी अन्य पुलिस अधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

