टीकमगढ़। जिले में फरार एवं इनामी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में विशेष अभियान सघन रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय मुखबिर तंत्र विकसित करने तथा तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा एवं एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे तथा एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में जिलेभर में पुलिस टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
थाना बड़ागांव और थाना जतारा द्वारा 2-2 स्थाई वारंटी गिरफ्तार किए गए, जबकि थाना कोतवाली, थाना पलेरा एवं चौकी बंधा द्वारा 1-1 वारंटी को पकड़ा गया। वहीं थाना दिगोड़ा पुलिस ने 2 स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी कर अहम सफलता हासिल की।
विशेष रूप से थाना दिगोड़ा पुलिस ने लगभग 5 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी करन आदिवासी और चंदू आदिवासी को गिरफ्तार कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लंबे समय से फरार इन आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सतत सक्रियता और प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, प्रधान आरक्षक 322 आनंद सुडेले, आरक्षक 225 राघवेन्द्र लोधी, आरक्षक 197 अंकित साहू एवं आरक्षक 126 अजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस की समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप एक ही दिन में कुल 9 फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई, जिससे अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

