टीकमगढ़। आज दिनांक 27 अप्रैल 2026 को कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान वार्ड क्रमांक 10 एवं 16 में विशेष रूप से नाली सफाई कार्य कराया गया। वार्ड 10 में लगभग 500 मीटर लंबी नाली की सफाई कराई गई एवं कचरा उठवाया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु हुई और क्षेत्र में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूती मिली। साथ ही वार्डवासियों की समस्याएं सुनते हुए उन्हें अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने एवं घर का कचरा केवल कचरा गाड़ी में ही डालने के लिए जागरूक किया गया।
इसी क्रम में कोतवाली परिसर के अंदर भी विशेष सफाई कराई गई। वहीं वार्ड क्रमांक 15 में लगभग 200 मीटर नाली की सफाई कर कचरा हटाया गया। वार्ड क्रमांक 03 स्थित तकिया मस्जिद पुल के नीचे भी सफाई अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि नियमित सफाई अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इससे जलभराव, गंदगी और बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है।
भ्रमण के दौरान वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्री महेश साहू, श्री फरीद खान, सफाई प्रभारी हवालदार श्री राकेश बाल्मीकि सहित सफाई कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

