टीकमगढ़। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना की मंशानुरूप सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में जन-जागरूकता आधारित अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मण्डलोई द्वारा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हेलमेट जागरूकता अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।
दिनांक 27 अप्रैल 2026 को टीकमगढ़ के जिला अस्पताल चौराहे पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने वाहन चालकों से सीधे संवाद कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और हेलमेट के महत्व को समझाया।
अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले जिम्मेदार नागरिकों को पानी की बोतल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहन मिला। वहीं बिना हेलमेट के वाहन चला रहे 25 चालकों को मौके पर ही हेलमेट पहनाकर उन्हें नियमों के प्रति जागरूक किया गया और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए 25 वाहन चालकों को पानी की बोतलें भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व, सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम और उससे होने वाली हानि के बारे में सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाइश दी गई, जिससे वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति अधिक सजग हो सकें।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मण्डलोई ने अपने संदेश में कहा कि “हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। हमारा उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की रक्षा सुनिश्चित करना है। जो लोग नियमों का पालन कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित करना और जो अभी जागरूक नहीं हैं, उन्हें प्रेरित करना—इसी संतुलन से सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।”
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, यातायात प्रभारी सूबेदार आर्या पाराशर, सूबेदार उत्तम सिंह सहित पुलिस अधिकारी, पत्रकारगण एवं आमजन उपस्थित रहे।
यह पहल कानून के पालन के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता को भी दर्शाती है, जो सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

