टीकमगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मण्डलोई के निर्देशन में 25 से 26 अप्रैल 2026 तक विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित वारंटों की तामीली, अपराधियों की धरपकड़ एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा।
अभियान के दौरान जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों एवं 9 पुलिस चौकियों में सघन चेकिंग और गश्त की गई। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की गई।
इस दौरान वारंट और समंस तामीली में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई। कुल 440 वारंट एवं समंस तामील किए गए, जिनमें 44 गिरफ्तारी वारंट, 12 स्थायी वारंट (जिनमें 5 वर्ष से अधिक समय से फरार 2 आरोपी शामिल), 162 जमानती वारंट और 222 समंस शामिल हैं।
अभियान के दौरान असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी नजर रखी गई। पुलिस ने 58 हिस्ट्रीशीटर, 95 निगरानी एवं गुंडा बदमाशों तथा 7 जेल से रिहा अपराधियों की गतिविधियों की जांच-पड़ताल की।
अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 105 प्रकरण दर्ज कर 106 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने 508 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 72 हजार 111 रुपये आंकी गई, जप्त की। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल, जिनकी कीमत करीब 67 हजार रुपये है, भी जब्त की गईं।
अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना दिगोड़ा एवं चौकी खिरिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2 देशी कट्टे 315 बोर एवं 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सख्ती बरती गई। अभियान के दौरान 452 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 66 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 19,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मण्डलोई ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

