टीकमगढ़। दिनांक 27 अप्रैल 2026 को कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया के नेतृत्व में स्वच्छता सर्वेक्षण एवं नाली सफाई अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
अधिकारियों द्वारा शहर भ्रमण के दौरान वार्ड क्रमांक 17 स्थित इंद्रा कॉलोनी में विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया, जहां लगभग 600 मीटर नालियों की सफाई कराई गई तथा जमा कचरे को तत्काल हटवाया गया। इस दौरान वार्डवासियों की पेयजल समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा इधर-उधर न फेंकने और कचरा वाहन में ही डालने की अपील की गई।
अभियान के अंतर्गत अन्य वार्डों में भी व्यापक स्तर पर नाली सफाई कार्य कराया गया। वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में जेठा चौराहे से छोटी देवी मंदिर तक लगभग 300 मीटर तथा प्रधानपुरा में जुली की दुकान से खरे जी के मकान तक लगभग 300 मीटर नालियों की सफाई की गई। वार्ड क्रमांक 13 में लगभग 250 मीटर नाली साफ कराई गई।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 5 में भाटा गोदाम से पटरियां जी के घर होते हुए काठल के घर तक लगभग 200 मीटर नालियों की सफाई कराई गई, जबकि वार्ड क्रमांक 21 में मऊचुंगी स्थित नूरी किराना स्टोर क्षेत्र में लगभग 300 मीटर नाली साफ की गई।
वार्ड क्रमांक 27 स्थित ख्वाजा नगर कॉलोनी में जेसीबी मशीन के माध्यम से नाले की सफाई कराई गई। वहीं इंद्रा कॉलोनी में जलकर विभाग की टीम द्वारा 12 अवैध जल कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की गई।
नगर पालिका द्वारा वार्डों से कचरा उठवाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूती मिली।
अभियान के दौरान नगर पालिका उपयंत्री दीपक विश्वकर्मा, अजय दीक्षित, सुश्री जेबा मंसूरी, जलकर सहायक अनिल श्रीवास्तव, सफाई प्रभारी हवालदार राकेश बाल्मीकि सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

