टीकमगढ़। जिला पुलिस द्वारा नागरिकों के साथ पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई एवं नागरिक संवाद कार्यक्रम लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। यह पहल न केवल समस्याओं के त्वरित निराकरण का माध्यम बन रही है, बल्कि आमजन में सुरक्षा और भरोसे की भावना को भी मजबूत कर रही है। इस पूरी व्यवस्था का मार्गदर्शन पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा किया जा रहा है, जो संवाद आधारित पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए आमजन से सीधा जुड़ाव स्थापित कर रहे हैं।
सोमवार को जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया गया, जिससे कार्यक्रम में विश्वास और पारदर्शिता का वातावरण देखने को मिला।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों को बिना किसी भय के अपनी समस्याएं रखने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को विशेष प्राथमिकता दी गई।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा इस जनसुनवाई व्यवस्था को थाना एवं चौकी स्तर तक विस्तारित किया गया है, जिससे नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित राहत मिल रही है और अनावश्यक आवागमन में कमी आई है। पुलिस विभाग के अनुसार इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और जिले में शिकायतों में लगभग 36 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो पुलिस की सक्रियता एवं प्रभावशीलता को दर्शाता है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि संवाद और विश्वास से ही मजबूत समाज का निर्माण संभव है। पुलिस का लक्ष्य है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
टीकमगढ़ पुलिस संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ नागरिकों की सेवा में निरंतर प्रयासरत है, ताकि जिले में सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण का निर्माण किया जा सके।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

