टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में टीकमगढ़ पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अप्रैल माह में जारी सीसीटीएनएस रैंकिंग में पूरे मध्यप्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इस सफलता के उपलक्ष्य में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं सीसीटीएनएस टीम के साथ उत्साहपूर्वक सेलिब्रेशन किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके समर्पण, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, सतत प्रयासों एवं तकनीकी दक्षता का परिणाम है।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई के निर्देशन में जिले में लगातार समीक्षा बैठकें, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। सीसीटीएनएस कार्यों की नियमित निगरानी कर कमियों की पहचान की जाती है तथा उन्हें दूर करने के लिए त्वरित सुधारात्मक कदम भी उठाए जाते हैं।
अनुसंधान कार्य को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से जिले में ई-विवेचना (e-Investigation) प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी नियमित आयोजन किया जा रहा है। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से विवेचकों की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जिससे प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में सहायता मिल रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि टीकमगढ़ पुलिस का अगला लक्ष्य प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना है। इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को और अधिक मेहनत, समर्पण एवं तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा सतत प्रशिक्षण, तकनीकी सुदृढ़ीकरण एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से सीसीटीएनएस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

