टीकमगढ़। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा एक सराहनीय एवं संवेदनशील पहल करते हुए जरूरतमंद एवं असहाय नागरिकों के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस कंट्रोल रूम टीकमगढ़ में ग्रामीण स्वावलंबन समिति के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा समाज के कमजोर वर्गों की सहायता हेतु विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई। इस दौरान 10 महिलाओं को साड़ी, चप्पल एवं पानी की बोतल तथा 5 पुरुषों को तौलिया, जूते एवं पानी की बोतल प्रदान की गई। साथ ही बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने हेतु स्कूल बैग, लंच बॉक्स, पानी की बोतल एवं टॉफियां वितरित की गईं।
इस पहल का उद्देश्य न केवल मजदूर दिवस के महत्व को रेखांकित करना रहा, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को भी सशक्त करना था।
नाबालिगों की सुरक्षा हेतु विशेष अभियान
मजदूर दिवस के परिप्रेक्ष्य में पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में श्रमिक पलायन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष जिला स्तरीय अभियान पूर्व से ही संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य उन परिवारों के नाबालिग बच्चों एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, जिनके माता-पिता मजदूरी हेतु महानगरों की ओर पलायन करते हैं।
अभियान के तहत ग्राम स्तर पर ग्रामीणों, पड़ोसियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी के साथ पाबंद किया गया है कि वे ऐसे बच्चों की देखरेख एवं सुरक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित थाना एवं चौकी पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग कर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या उपेक्षा की स्थिति को रोका जा सके। यह पहल नाबालिग अपराधों की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस अधीक्षक का वक्तव्य:
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा
“मजदूर दिवस हमें उन श्रमिकों के योगदान की याद दिलाता है, जिनकी मेहनत से समाज और देश का निर्माण होता है। टीकमगढ़ पुलिस का प्रयास है कि हम केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित न रहकर समाज के हर वर्ग के साथ संवेदनशील रूप से जुड़ें। श्रमिक पलायन के दौरान पीछे छूटे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी हमारी प्राथमिकता है। जरूरतमंदों की सहायता करना हमारा सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य भी है। ऐसे जनकल्याणकारी प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।”
उक्त कार्यक्रम में महिला सेल से रानू विश्वकर्मा, कीर्ति बुंदेला, मानसी तिवारी तथा ग्रामीण स्वावलंबन समिति से राजकुमार (सचिव), देवेंद्र, महेश (जिला समन्वयक), योगेंद्र, साबिर, आरती, आराधना, करन, रवि एवं लक्ष्मण की सक्रिय सहभागिता रही।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा इस प्रकार की जनकल्याणकारी एवं जागरूकता आधारित पहलें आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

