टीकमगढ़। बरगी डैम में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार शाम 6 बजे गांधी चौराहे पर एनएसयूआई द्वारा कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसयूआई नगर अध्यक्ष श्री शिवेन्द्र यादव ने किया।
इस दौरान उपस्थित युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर हादसे में दिवंगत 9 लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और ईश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनीस अहमद, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. इसरार मोहम्मद, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कश्यप जी सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान नगर अध्यक्ष शिवेन्द्र यादव ने भावुक शब्दों में कहा कि “मां का स्थान संसार में सबसे ऊंचा होता है। मां ही मंदिर है और मां ही पूजा है। बरगी डैम हादसे के बाद सामने आई तस्वीर ने मां की ममता और त्याग को पूरी दुनिया के सामने प्रदर्शित कर दिया। विपरीत परिस्थितियों में भी मां ने अपने बेटे का साथ नहीं छोड़ा। ऐसी मां को मेरा प्रणाम।”
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

