टीकमगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा 21 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान आईजी सागर जोन श्री मिथिलेश शुक्ला एवं डीआईजी छतरपुर श्री विजय खत्री के मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिलेभर में सुनियोजित एवं लगातार संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आवश्यकता अनुसार आरोपियों को बाउंड ओवर करने की प्रक्रिया भी अपनाई गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित एसडीओपी टीकमगढ़/जतारा के पर्यवेक्षण में जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी गई तथा विभिन्न मामलों में व्यापक स्तर पर कानूनी कार्रवाई की गई।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां
▪️ धारा 107/116 जाफौ के अंतर्गत 3366 प्रकरणों में 4225 आरोपियों पर कार्रवाई की गई।
▪️ धारा 151 जाफौ के तहत 106 प्रकरणों में 121 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
▪️ धारा 110 जाफौ के अंतर्गत 503 प्रकरणों में 510 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इन सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें बाउंड ओवर किया जा रहा है।
अपराधों पर लगा अंकुश, बढ़ी सुरक्षा की भावना
पुलिस के इस सघन अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अभियान के चलते जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
टीकमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा एवं जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

