टीकमगढ़। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित अभ्यास वर्ग का द्वितीय चरण 2 एवं 3 मई 2026 को मां रेवा के पावन उद्गम स्थल अमरकंटक में सम्पन्न हुआ। इस अभ्यास वर्ग में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला शाखा टीकमगढ़ से जिला सचिव विवेक खरे एवं सागर संभागीय सचिव देवानंद विश्वकर्मा ने सहभागिता की।
जिला सचिव विवेक खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यास वर्ग में संगठन की आगामी रणनीति, कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, सेवा संबंधी समस्याओं, संगठन विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत मंथन किया गया। साथ ही संगठन की रीति-नीति, कार्यपद्धति एवं कर्मचारी हित संरक्षण के उद्देश्यों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया।
संगठन विस्तार और कर्मचारी हितों पर हुआ मंथन
अभ्यास वर्ग के दौरान सदस्यता अभियान, प्रभावी पत्राचार, कर्मचारी हितों से जुड़े आंदोलनों के संचालन एवं संगठनात्मक आयोजनों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
टेट परीक्षा मामले में संघ की भूमिका पर चर्चा
अभ्यास वर्ग में यह भी बताया गया कि मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रयासों के परिणामस्वरूप ही प्रदेश के शिक्षकों की टेट परीक्षा से जुड़े मामले में शासन द्वारा न्यायालय में रिव्यू पिटीशन दायर की गई है।
कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संघर्ष का आह्वान
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की एकता, सक्रियता एवं कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहने का आह्वान किया।
वहीं प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि अभ्यास वर्ग में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने, कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण तथा आगामी समय में कर्मचारी हितों के लिए प्रभावी आंदोलन एवं संवाद की रणनीति तैयार की गई है।
आध्यात्मिक वातावरण में मिला संगठनात्मक मार्गदर्शन
मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक के आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित यह अभ्यास वर्ग संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष अनिल एडमिन, प्रदेश मंत्री राकेश श्रीवास्तव, देवेंद्र हिंगवासिया, सुभाष शर्मा, विजय रैकवार, सागर संभागीय सचिव देवानंद विश्वकर्मा सहित प्रदेश, संभाग एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

