टीकमगढ़। नगर की सक्रिय साहित्यिक संस्था म.प्र. लेखक संघ जिला इकाई टीकमगढ़ द्वारा नारद जयंती, विश्व प्रेस दिवस एवं विश्व हास्य दिवस के अवसर पर आकांक्षा पब्लिक स्कूल में भव्य कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि सियाराम अहिरवार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ उपन्यासकार यदुकुल नंदन खरे (बल्देवगढ़) एवं विशिष्ट अतिथि श्री रामसहाय राय (लार खुर्द) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। सूर्यकांत गंगेले ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बनाया। इसके बाद कवियों ने अपनी-अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कवि प्रमोद मिश्रा (बल्देवगढ़), राजीव नामदेव ‘राना लिधौरी’, रामसहाय राय, रामगोपाल रैकवार, स्वप्निल तिवारी, दुष्यंत भारती नामदेव ‘दुष्यंत’, शायर वफ़ा शैदा, यदुकुल नंदन खरे, रविन्द्र यादव, प्रमोद गुप्ता ‘मृदुल’, सियाराम अहिरवार, कमलेश सेन एवं शकील खान ने काव्य पाठ कर समाज, संवेदनाओं, रिश्तों और समकालीन मुद्दों पर अपनी रचनाएँ प्रस्तुत कीं।
कवियों ने पत्रकारिता की निष्पक्षता, माँ की ममता, गाँव की यादें, समाज सुधार, प्रेम और मानवीय मूल्यों जैसे विविध विषयों को अपनी रचनाओं में अभिव्यक्त किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के अंत में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कवि स्वामी प्रसाद पस्तोर (लिधौरा) के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कवि गोष्ठी का संचालन रविन्द्र यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अध्यक्ष राजीव नामदेव ‘राना लिधौरी’ ने व्यक्त किया।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

