टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना की मंशानुसार पुलिस मुख्यालय द्वारा 01 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक प्रदेशभर में “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की सुरक्षित तलाश, बाल तस्करी पर रोक तथा बच्चों को उनके परिवार से पुनः मिलाना रहा।
पुलिस महानिरीक्षक सागर ज़ोन मिथिलेश शुक्ला एवं डीआईजी छतरपुर रेंज विजय खत्री के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में टीकमगढ़ पुलिस ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए 52 प्रतिशत रिकवरी रेट हासिल किया। अभियान की सतत मॉनिटरिंग स्वयं पुलिस अधीक्षक द्वारा किए जाने से कार्रवाई में गति और प्रभावशीलता बनी रही।
अभियान के दौरान जिले से 02 बालक एवं 35 बालिकाओं सहित कुल 37 गुमशुदा बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया। इन बच्चों को मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा एवं बिहार जैसे राज्यों से खोजकर सुरक्षित वापस लाया गया, जो पुलिस की सक्रियता और समर्पण को दर्शाता है।
इस पूरे अभियान में थाना पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संभावित स्थानों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, निर्माण स्थल एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग और सत्यापन अभियान चलाया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में अब तक टीकमगढ़ पुलिस 55 से अधिक गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिला चुकी है, जो मानवीय संवेदनाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
संवेदनशील पुलिसिंग—मानवता की मिसाल
टीकमगढ़ पुलिस का यह प्रयास केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति एक मानवीय दायित्व का निर्वहन भी है, जिसमें हर बच्चे की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

