टीकमगढ़। जिले में अवैध शस्त्रों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को सशक्त मुखबिर तंत्र विकसित कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जतारा श्री अभिषेक गौतम के पर्यवेक्षण में थाना पलेरा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। दिनांक 04 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपना नाम बृजेन्द्र कुमार रैकवार पिता धनीराम रैकवार, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खैरा थाना पलेरा बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
उक्त मामले में थाना पलेरा में अपराध क्रमांक 173/26 धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय जतारा में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति भार्गव के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य प्रआर परशुराम रजक, आरक्षक ललित कुशवाहा, लक्ष्मण पटेल, प्रवेन्द्र पटेल, संतोष चक्रवर्ती, अजय राजपूत, दीपक मिश्रा, नरेन्द्र पटेल एवं एनआरएस विजय वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शस्त्रों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

