राजस्व वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो नगर पालिका कर्मचारी हुए सम्मानित I
इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी में राजस्व वसूली को बढ़ावा देने और वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) सुरेखा जाटव ने राजस्व शाखा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बेहतर कार्यप्रणाली और वसूली लक्ष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
निरीक्षण के दौरान माह में सर्वाधिक एवं उत्कृष्ट राजस्व वसूली करने वाले कर्मचारी प्रदीप दुबे और घनश्याम सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेखा जाटव ने कहा कि नगर पालिका की वित्तीय मजबूती में राजस्व शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने दोनों कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ईमानदारी, लगन और टीम भावना से कार्य करने वाले कर्मचारी पूरे विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। CMO ने सभी राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व वसूली कर नगर के विकास कार्यों को गति दें।
इस अवसर पर राजस्व शाखा प्रभारी विनोद चौधरी, समस्त सहायक राजस्व निरीक्षक एवं राजस्व शाखा के सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
–पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी

