पुरानी नगर पालिका कॉम्प्लेक्स में अतिक्रमण पर सख्त हुईं सीएमओ रेखा जाटव, दुकानदारों को दी अंतिम चेतावनी l
इटारसी। नगर पालिका परिषद इटारसी की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सुश्री रेखा जाटव ने शहर की यातायात व्यवस्था और बाजारों में आम नागरिकों के सुगम आवागमन को दुरुस्त करने के लिए सख्त कदम उठाया है। इसी सिलसिले में उन्होंने नगर पालिका की टीम के साथ ‘पुरानी नगर पालिका कॉम्प्लेक्स’ का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कॉम्प्लेक्स के बरामदे और मुख्य रास्ते पर दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान फैलाकर अतिक्रमण किया जाना पाया गया। इस पर सीएमओ सुश्री रेखा जाटव ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद दुकानदारों को तत्काल प्रभाव से बाहर रखा सामान हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी कि कॉम्प्लेक्स के सार्वजनिक रास्ते और बरामदे ग्राहकों की आवाजाही के लिए हैं, न कि सामान सजाने के लिए।
सीएमओ ने सभी व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह उन्हें अपनी दुकानों का सामान सीमा के भीतर समेटने का अंतिम मौका दिया जा रहा है। यदि भविष्य में निरीक्षण के दौरान पुनः दुकानों के बाहर सामान रखा मिला, तो नगर पालिका अमले द्वारा न केवल सामान जब्त किया जाएगा, बल्कि संबंधित दुकानदारों पर भारी चालानी कार्रवाई कर जुर्माना भी ठोका जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार में आने वाले नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इसलिए व्यापारी व्यवस्था बनाने में नगर पालिका का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका का पूरा अमला मौजूद रहा और सीएमओ की इस सख्त हिदायत के बाद कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।
आज का विचार:
सुव्यवस्थित बाजार और सुगम रास्ते ही एक सभ्य शहर की पहचान होते हैं; नियमों का पालन केवल प्रशासनिक दबाव नहीं, बल्कि हमारी नागरिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्ट: पत्रकार कुनाल पासवान

