इटारसी : मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ एवं शिक्षक कल्याण संगठन जिला नर्मदापुरम के पदाधिकारियों ने विधायक कार्यालय में पहुंचकर विधायक डॉ शर्मा के नाम का ज्ञापन उनके निजी सचिव मिलिंद रौंघे को सौंपकर, डाइट पचमढ़ी के संचालन के लिए पुराने कमिश्नर कार्यालय के भवन को अस्थाई रूप से आवंटित करने की मांग की।
शिक्षक कल्याण संगठन संयोजक राजकुमार दुबे ने बताया कि विधायक डॉ सीतासरन शर्मा के अथक प्रयासों से डाइट पचमढ़ी के नवीन भवन के निर्माण के लिए पौवारखेड़ा में जमीन स्वीकृत हो गई है। जिसके चलते जिले के शिक्षक शिक्षिकाओं में हर्ष की लहर व्याप्त है। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ एवं शिक्षक कल्याण संगठन जिला नर्मदापुरम ने विधायक डॉ सीतासरन शर्मा एवं कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आभार जताया है।
ज्ञापन के संदर्भ में जानकारी देते हुए शिक्षक कल्याण संगठन संयोजक राजकुमार दुबे ने बतलाया कि दोनों शिक्षक संगठनों ने ज्ञापन के माध्यम से विधायक डॉ सीतासरन शर्मा एवं जिला कलेक्टर नीरज कुमार सिंह से मांग की है कि डाइट पचमढ़ी के नवीन भवन के निर्माण का कार्य जब तक पौवारखेड़ा में पूरा नहीं हो जाता तब तक पुराने कमिश्नर कार्यालय के भवन को डाइट पचमढ़ी के संचालन के लिए अस्थाई अनुमति प्रदान की जावे।
ज्ञापन सौंपते समय शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों भुवनेश्वर दुबे, सुरेश चिमानिया सत्येंद्र तिवारी राजकुमार दुबे राजेंद्र दुबे सुरेंद्र तोमर रामचरण नामदेव अखिलेश दुबे सुनील दुबे आदि की उपस्थिति रही ।

