“सेवा मेरा योगदान” अभियान में 100 स्वच्छता सेवकों का सम्मान; इटारसी को प्लास्टिक मुक्त बनाने का लिया संकल्प I
इटारसी। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत संचालित “सेवा मेरा योगदान” अभियान के तहत आज नगर के सभी वार्डों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में व्यापक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर नगर को स्वच्छ रखने में दिन-रात योगदान देने वाले 100 स्वच्छता सेवकों का सम्मान किया गया। वार्ड स्तर पर सम्मान के साथ-साथ पंडित भवानी शंकर मिश्र ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भी स्वच्छता सेवकों को भावभीना सम्मान दिया गया।
प्लास्टिक एवं पॉलीथिन मुक्त इटारसी की दिलाई शपथ: कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सभापति राकेश जाधव ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को प्लास्टिक व पॉलीथिन के उपयोग से पूरी तरह बचने तथा इटारसी को प्लास्टिक मुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे बाजार जाते समय कपड़े या पर्यावरण हितैषी थैलों का ही उपयोग करें और नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
स्वच्छता सेवकों का श्रम और समर्पण वंदनीय: पंकज चौरे नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वच्छता केवल नगर पालिका का दायित्व नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारे स्वच्छता सेवक प्रतिदिन निष्ठा और कठिन परिश्रम से शहर को स्वच्छ बनाते हैं। उनका सम्मान वास्तव में उनके श्रम और समर्पण को सलाम है। आइए, हम सब मिलकर स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त इटारसी के संकल्प को साकार करें।” उन्होंने नागरिकों से सड़कों पर कचरा न फेंकने और स्वच्छता सेवकों के कार्य में सहयोग करने का आग्रह किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति: कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, स्वास्थ्य सभापति राकेश जाधव, सभापति मंजीत कलोसिया, पार्षद राहुल प्रधान एवं कन्हैया लाल मिहानी, मनोनीत पार्षद संजीव हुरा, अजय शुक्ला एवं जसवीर सिंह छाबड़ा, मुकेश मैना, कार्यपालन यंत्री मीनाक्षी चौधरी तथा उपयंत्री मयंक अरोरा सहित नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आज का विचार
“स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि हमारे नागरिक बोध और समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी का दर्पण है। जब हम स्वच्छता प्रहरियों के श्रम का आदर करते हैं और पर्यावरण के प्रति सचेत रहते हैं, तभी एक समृद्ध और स्वस्थ नगर का निर्माण संभव होता है।”
रिपोर्टर: पत्रकार कुणाल पासवान

