टीकमगढ़। ओरछा-टीकमगढ़ के संपूर्ण विकास की मांग को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास यादव 22 से 28 नवंबर तक टीकमगढ़ से ओरछा तक पैदल श्री रामराजा सरकार विकास यात्रा निकालेंगे।
नजरबाग मंदिर से होगी शुरुआत
यात्रा 22 नवंबर को दोपहर 12 बजे नजरबाग मंदिर टीकमगढ़ से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए बिहारीपुर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 23 को दिगौड़ा, 24 को बम्होरी, 25 को ज्योरा, 26 को पृथ्वीपुर, 27 को नेगुवाँ होते हुए 28 नवंबर को शाम 4 बजे श्री रामराजा मंदिर ओरछा पहुंचेगी, जहां सभा के साथ समापन होगा।
एक पत्र, एक दान श्री राम के नाम
यात्रा संयोजक विकास यादव ने बताया कि विश्राम स्थलों पर संगीतमय हनुमान चालीसा का पाठ होगा। “एक पत्र एक दान श्री राम के नाम” के तहत पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम डॉ. मोहन यादव के नाम पत्र लिखवाए जाएंगे। दान पेटी से एकत्र राशि समापन पर श्री रामराजा मंदिर में भेंट की जाएगी।
ओरछा पहुंचकर दिया प्रथम आमंत्रण
बुधवार को विकास यादव सहित कार्यकर्ताओं ने ओरछा पहुंचकर श्री रामराजा सरकार को प्रथम आमंत्रण सौंपा। इस दौरान भूषण वर्मा, विजय पटेरिया, शिवकुमार तिवारी व मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इन 10 मांगों को लेकर निकाली जा रही यात्रा
1. लक्ष्मी मंदिर में श्री लक्ष्मी नारायण की प्राण प्रतिष्ठा। 2. कल्याण मंदिर में श्री राधा-कृष्ण की प्राण प्रतिष्ठा। 3. महारानी कुंवर गणेश व महाराज मधुकरशाह की प्रतिमा स्थापना। 4. ओरछा से तारामाई तक रोप-वे निर्माण। 5. संपूर्ण ओरछा को मंदिर के रंग में रंगकर क्रीम सिटी के रूप में पहचान। 6. ओरछा-पृथ्वीपुर-टीकमगढ़-शाहगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाना। 7. सभी प्रवेश मार्गों पर जयपुरी पत्थर से भव्य प्रवेश द्वार। 8. चंद्रपुरा से ओरछा तक फ्लाईओवर व आकर्षक लाइटिंग युक्त मार्ग। 9. ओरछा-पृथ्वीपुर-टीकमगढ़-शाहगढ़ होते हुए सागर तक नई रेल लाइन। 10. मोहनगढ़ तिराहा टीकमगढ़ में हवाई पट्टी का निर्माण।

