सिवनी मालवा में मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा: संयुक्त टीम ने की खाद्य सामग्रियों की औचक सैंपलिंग, सख्त कार्रवाई की चेतावनी I
सिवनी मालवा (नर्मदापुरम)। आगामी त्योहारों को देखते हुए आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और शुद्ध खाद्य सामग्रियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर नर्मदापुरम श्री आशीष वशिष्ठ के निर्देशों के परिपालन में राजस्व, खाद्य सुरक्षा और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सिवनी मालवा के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया और सैंपल लिए।
जय स्तंभ चौक पर औचक निरीक्षण
जांच अभियान के तहत प्रशासनिक एवं पुलिस टीम सिवनी मालवा के प्रमुख जय स्तंभ चौक स्थित ब्रजवासी डेयरी पहुंची। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम विजय राय, एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावर और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) अमर सिंह उईके ने सघन जांच की।
मावा और खाद्य पदार्थों के लिए सैंपल
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा डेयरी से मावा सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल विधिवत सील कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र के सभी व्यापारियों को स्पष्ट और कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों के अवसर पर आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी व्यापारी अमानक/मिलावटी सामग्री के विक्रय या अवैध भंडारण में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आज का विचार: “जनस्वास्थ्य की सुरक्षा ही प्रशासनिक निष्ठा की असली कसौटी है; ,
शुद्धता के प्रति सजगता हर नागरिक और व्यापारी का दायित्व होना चाहिए।”
: पत्रकार कुणाल पासवान

