प्रशासन के सख्त तेवर: इटारसी में अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी, व्यापारियों के असहयोग से बढ़ी मुश्किलें
इटारसी। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर को व्यवस्थित और यातायात सुगम बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नगर पालिका का दस्ता शहर के विभिन्न मुख्य बाज़ारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निरंतर कार्यवाही कर रहा है। हालांकि, इस मुहिम के दौरान प्रशासन को धरातल पर कड़े विरोध और असहयोग का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यवाही में बाधा उत्पन्न कर रहे कुछ व्यापारी अभियान के दौरान यह बात प्रमुखता से सामने आई है कि बाज़ार क्षेत्र के कुछ व्यापारी अतिक्रमण दल को अपेक्षित सहयोग नहीं दे रहे हैं। नाले के ऊपर रखे सामान और सड़कों तक बढ़ी दुकानों को हटाने में प्रशासनिक टीम को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। व्यापारियों द्वारा किए जा रहे विरोध और वाद-विवाद के कारण कार्यवाही की गति धीमी हो रही है, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।
सड़कों पर पसरा अतिक्रमण बना सिरदर्द शहर के प्रमुख मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि शहर के विकास और सुदंरता के लिए यह अभियान अनिवार्य है। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि यदि व्यापारियों ने स्वयं से अतिक्रमण नहीं हटाया और टीम को सहयोग नहीं किया, तो आने वाले दिनों में सामान ज़ब्ती के साथ-साथ दंडात्मक कार्यवाही भी की जाएगी।
आज का विचार:
“व्यवस्था और अनुशासन केवल प्रशासन की ज़िम्मेदारी नहीं,
बल्कि जागरूक नागरिक का कर्तव्य भी है। शहर हमारा है,
इसे सुंदर बनाना हम सबकी सामूहिक जवाबदेही है।”
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान

