टीकमगढ़। धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में बढ़ती पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए भाजपा नेता विकास यादव ने मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के एमडी डॉ. इलैयाराजा टी से भोपाल में मुलाकात कर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में श्री यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण कार्यों को शामिल किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि झांसी-खजुराहो फोरलेन स्थित ओरछा तिराहा एवं टीकमगढ़-ओरछा मार्ग पर बेतवा नदी पुल के पास जयपुरी लाल पत्थर से दो भव्य स्वागत द्वारों का निर्माण कराया जाए, जिससे नगर की पहचान और आकर्षक बने।
इसके साथ ही ओरछा तिराहे से बेतवा नदी पुल तक मार्ग के दोनों ओर आकर्षक इलेक्ट्रिक पोल लगाए जाने तथा पूरे नगर के 5-6 प्रमुख स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन स्थापित करने की मांग भी की गई। इन स्क्रीन के माध्यम से श्री रामराजा सरकार की आरती, दर्शन और ओरछा के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी लगातार प्रसारित की जा सकेगी।
श्री यादव ने यह भी सुझाव दिया कि ओरछा में किसी बड़े स्थान को विकसित कर अयोध्या की तर्ज पर विशाल धनुष-बाण एवं प्रभु श्रीराम का भव्य तिलक चौक बनाया जाए, ताकि यह श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र एवं सेल्फी प्वाइंट बन सके।
मांग पत्र में सन् 1738 में निर्मित कल्याण राय मंदिर का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि यह मंदिर पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय विभाग में दर्ज है, लेकिन वर्तमान में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इस पर अवैध कब्जा कर निजी उपयोग में लिया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा निर्माणाधीन श्री रामराजा लोक परियोजना में इस मंदिर को शामिल कर इसका जीर्णोद्धार कराया जाए तथा यहां भगवान राधा-कृष्ण की भव्य मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा कराई जाए।
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के एमडी डॉ. इलैयाराजा टी ने मांगों को उचित बताते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
खबर
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

