जवाहर बाजार में आगजनी के बाद पहुंचे जनप्रतिनिधि, विद्युत व्यवस्था सुधारने जल्द होगी बैठक I
इटारसी- के व्यस्ततम जवाहर बाजार में हुई आगजनी की घटना के तुरंत बाद क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, नगर अध्यक्ष राहुल चौरे सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता स्थिति का जायजा लेने दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।
घटना स्थल का मुआयना और व्यापारियों से चर्चा जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित व्यापारियों से बातचीत कर घटना के कारणों की जानकारी ली और उनके हुए नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में लगातार हो रही शॉर्ट सर्किट की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों संग होगी बैठक आए दिन शॉर्ट सर्किट के कारण घट रही आगजनी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि शहर की विद्युत वितरण व्यवस्था की समीक्षा की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही विद्युत वितरण कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने पर निर्णय लिया जाएगा।
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान

