सीएम हेल्पलाइन की अनदेखी कर रही इटारसी नगरपालिका, 1 माह बीतने के बाद भी नहीं हुआ नाली की समस्या का समाधान I
इटारसी। प्रदेश सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन योजना की इटारसी नगरपालिका द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। स्थानीय वार्ड क्रमांक 02, दीवान कॉलोनी के निवासी पिछले एक महीने से बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन शिकायत दर्ज होने के बावजूद नगर पालिका अमला मूकदर्शक बना हुआ है।
दीवान कॉलोनी के निवासियों ने वार्ड में जर्जर और बंद पड़ी नाली की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। आज इस शिकायत को पूरा 1 महीना (30 दिन) बीत चुका है, लेकिन नगर पालिका द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। नाली की सफाई और मरम्मत न होने के कारण क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की स्थिति निर्मित हो रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर उम्मीद जताते हुए गुहार लगाई थी, परंतु नगर पालिका प्रशासन द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की अनदेखी करना प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
अब देखना यह होगा कि क्या नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर दीवान कॉलोनी के निवासियों को राहत पहुंचाते हैं या फिर आम जनता को यूं ही समस्याओं के साये में जीने को मजबूर होना पड़ेगा।
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान

