विधायक डॉ. शर्मा ने ली अधिकारियों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक I
इटारसी। आज कृषि उपज मंडी इटारसी परिसर में क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा की अध्यक्षता में अनुभाग इटारसी के विभिन्न शासकीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान विधायक डॉ. शर्मा ने अनुभाग अंतर्गत संचालित समस्त विभागों के चालू विकास कार्यों, विभागीय प्रगति एवं जनहित से जुड़ी शासकीय योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य, सफाई व्यवस्था तथा कृषि उपज मंडी की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से सीधा संवाद किया और अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
समीक्षा के दौरान विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने और चल रहे निर्माण कार्यों को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के कड़े दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में इटारसी अनुभाग के विभिन्न प्रशासनिक विभागों के प्रमुख अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पत्रकार कुणाल पासवान

