टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने दिनांक 16 नवम्बर 2025 को थाना बड़ागांव परिसर में एक व्यापक जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें थाना क्षेत्र के आमजन, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण और जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
एसपी श्री मंडलोई ने टीकमगढ़ पुलिस की “नवपहल” के तहत संचालित जनकल्याणकारी अभियानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस समाज के हर वर्ग तक सुरक्षा, सहायता और विश्वास का वातावरण स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विशेष रूप से नीड, परी, भरोसा, सहारा, आसरा जैसे महिला सुरक्षा अभियान, युवाओं के मार्गदर्शन हेतु युवा जोड़ो अभियान, समाज को नशे और कुरीतियों से मुक्त करने के लिए जनजागरण अभियान, छात्राओं की सुरक्षा के लिए मजनू अभियान तथा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने हेतु प्रतिभा सम्मान अभियान का उल्लेख किया।
इन्होंने बताया कि इन प्रयासों का असर अब जनजीवन में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। गाँव-गाँव जनसंवाद चौपालों के सकारात्मक परिणामस्वरूप पुलिस अधीक्षक कार्यालय को प्राप्त होने वाली शिकायतों में पिछले वर्ष की तुलना में 36% की कमी दर्ज की गई है, जो जनता और पुलिस के बीच बढ़ते भरोसे का प्रतीक है।
अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस द्वारा सघन गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी और मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। नशे के कारोबार में शामिल तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा जागरूकता शिविरों के माध्यम से नागरिकों को संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और शीघ्र एवं उचित समाधान का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने एसपी के सहज, मानवीय और संवादात्मक कार्यशैली के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, थाना प्रभारी बड़ागांव निरीक्षक नरेंद्र वर्मा, तहसीलदार बड़ागांव, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक एवं समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

