नरवाई न जलाएं: एसडीएम विजय राय ने किसानों से की अपील, गौवंश के लिए भूसा संग्रहण केंद्र बनाने के निर्देश
सिवनी मालवा। आगामी फसल कटाई सीजन को देखते हुए प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण और जनधन की सुरक्षा के लिए अपील की है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विजय राय ने क्षेत्र के किसानों से सख्त अपील की है कि वे फसल अवशेष (नरवाई) को बिल्कुल न जलाएं। शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम का गठन और वृहद योजना
एसडीएम विजय राय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार सिवनी मालवा एवं शिवपुर तहसील के समस्त ग्रामों में नरवाई प्रबंधन के लिए एक वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए राजस्व, कृषि, पंचायत और नहर विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कस्टम हायरिंग सेंटर संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
-
ग्राम स्तरीय दल: प्रत्येक गाँव में ‘ग्राम स्तरीय नरवाई प्रबंधन दल’ का गठन किया गया है।
-
अनुविभाग स्तरीय निगरानी: एसडीएम की अध्यक्षता में एक विशेष दल बनाया गया है ,जो क्षेत्र में जागरूकता फैलाने और नरवाई जलने की घटनाओं को रोकने का काम करेगा।
‘नरवाई मुक्त तहसील’ का लक्ष्य
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सिवनी मालवा को पूरी तरह से नरवाई मुक्त बनाना है। इसके लिए ग्राम चौपालों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में कृषि यंत्र और भूसा बनाने वाली मशीनें उपलब्ध हैं। किसान बेलर मशीन के माध्यम से बेल्स बनवाकर नरवाई का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं।
गौवंश के लिए बनेगा भूसा बैंक
पर्यावरण को क्षति से बचाने और निराश्रित गौवंश के चारे की व्यवस्था के लिए प्रशासन ने नई पहल की है:
-
भूसा संग्रहण केंद्र: प्रत्येक ग्राम में शासकीय भूमि चिन्हित कर भूसा संग्रहण केंद्र बनाए जा रहे हैं।
-
गौशालाओं का चयन: चिन्हित गौशालाओं को मुख्य संग्रहण केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा।
-
किसानों से सहयोग: किसान अपनी फसल के अवशेष इन केंद्रों पर रख सकेंगे, जो बाद में गौवंश के काम आएंगे।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
एसडीएम ने चेतावनी दी है कि पूर्व में नरवाई जलाने से खड़ी फसलों में आग लगने और जनधन की हानि जैसी बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियम अनुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सभी किसानों से अनुरोध किया है कि वे अपने नजदीकी कस्टम हायरिंग सेंटर या अन्य कृषकों से संपर्क कर मशीनों के जरिए भूसा बनवाएं और इस अभियान को सफल बनाएं।

पत्रका- कुणाल पासवान
Mob-7581988260

