टीकमगढ़ । जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है जिसके अंतर्गत थाना स्तर पर सक्रिय मुखबिर तंत्र को भी मजबूत किया गया है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में थाना दिगौड़ा पुलिस ने 28 मार्च 2026 की रात्रि को धामना तिगैला बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने एक हुंडई सेंट्रो कार को रोककर तलाशी ली जिसमें से 7 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 63 लीटर बताई गई है जिसकी कीमत करीब 28 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिगौड़ा निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक आनंद सुडेले, राजीव रिछारिया, विजय घोष, आरक्षक नीलू राजपूत, राघवेंद्र लोधी एवं शिवा चाहर की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

