नर्मदापुरम में विकास की नई इबारत: ₹963 लाख से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण I
नर्मदापुरम। नगरपालिका परिषद द्वारा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा के ‘विजन डॉक्यूमेंट’ के तहत शहर के कायाकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। नगर के विभिन्न वार्डों में कुल 523.6 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन और 439.47 लाख रुपये की राशि के पूर्ण हो चुके कार्यों का भव्य लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ।
जनप्रतिनिधियों ने दी विकास की सौगात
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा और सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि शहर का व्यवस्थित विकास हमारी प्राथमिकता है। विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने सभी विकास कार्यों की राशि और उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। साथ ही, मध्य प्रदेश तैराकी संघ के प्रदेशाध्यक्ष पं. पीयूष शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
स्वागत और अभिनंदन
कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड पार्षद रिचा जीतू तिवारी के स्वागत भाषण से हुई। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने अतिथियों का 51 किलो की पुष्पमाला पहनाकर भव्य अभिनंदन किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अनुराग तिवारी द्वारा किया गया।
प्रमुख उपलब्धियाँ और लोकार्पण
कार्यक्रम प्रभारी उपयंत्री दीक्षा तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर नगर के विकास कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता और जीव-जंतु प्रबंधन की दिशा में एक ‘डॉग स्केचर वाहन’ का भी लोकार्पण किया गया, जिससे शहर की व्यवस्थाओं में सुधार होगा।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के अंत में नपा उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस गरिमामयी समारोह में विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के सभापति, पार्षदगण और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
पत्रकार कुणाल पासवान

