इटारसी: पुलिस और RPF की बड़ी कार्रवाई, ओडिशा की महिला 2 लाख के गांजे के साथ गिरफ्तार I
इटारसी। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इटारसी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ओडिशा की एक महिला को करीब 9 किलो 755 ग्राम अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों पकड़ा है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1,94,000 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को थाना इटारसी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ओडिशा की एक महिला गांजा बेचने के इरादे से इटारसी आई है और वह एफसीआई गोदाम के पास नागपुर आउटर की ओर जा रही है। नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशों और अनुविभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी गौरव बुंदेला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस को देख बदलने लगी रास्ता
पुलिस और RPF की संयुक्त टीम ने जब एफसीआई के पास नागपुर आउटर पर दबिश दी, तो एक संदिग्ध महिला दो बैग लेकर आती दिखाई दी। पुलिस टीम को वर्दी में देख महिला ने रास्ता बदलने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम देवकी राणा (55 वर्ष), निवासी ग्राम सिलेटपाडा, जिला बोध (ओडिशा) बताया।
बैग की तलाशी में खुला राज
जब महिला के पास मौजूद बैगों की तलाशी ली गई, तो उनमें सेलो टेप से कवर किए गए पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। पुलिस ने कुल 9 किलो 755 ग्राम गांजा जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर इटारसी में खपाने के लिए आई थी।
कार्रवाई में शामिल टीम:
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव बुंदेला, उपनिरीक्षक सुरेश चौहान, प्रधान आरक्षक मनमोहन अहिरवार, आरक्षक महेन्द्र गुर्जर, अंकित गौर, राजेश पवार तथा महिला आरक्षक दीपाली गोस्वामी एवं पूनम राजपूत की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब महिला के फॉरवर्ड और बैकवर्ड संपर्कों की जांच कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।

