टीकमगढ़। चैत्र नवरात्र की नवमी पर कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय तथा पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने बगाज माता मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई पेयजल, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों एवं पार्किंग स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवमी के दौरान बगाज माता मंदिर में जबारे विसर्जन हेतु श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और सतत निगरानी रखें। इस अवसर पर एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटोरिया, तहसीलदार सतेन्द्र सिंह गुर्जर सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

