टीकमगढ़। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में टीकमगढ़ पुलिस ने 22 नवम्बर 2025 को “मजनू अभियान” के तहत विशेष कार्रवाई संचालित की। यह अभियान शहर में महिला सुरक्षा को सशक्त बनाने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा और एस.डी.ओ.पी. श्री राहुल कटरे के मार्गदर्शन में महिला थाना पुलिस की टीम ने तालाब क्षेत्र, महेंद्र सागर परिसर, पार्कों, पिकनिक स्थलों, होटल-लॉज और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अचानक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत मूल्यांकन किया। पुलिस दल ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए मौके पर आवश्यक पूछताछ की। जिन व्यक्तियों का व्यवहार संदेहास्पद पाया गया या जो बिना किसी उचित कारण के मौजूद थे, उनके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।
निरंतर की जा रही इस सघन कार्रवाई का सकारात्मक प्रभाव सामने आ रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई के अनुसार, छात्राओं और महिलाओं के लिए सुरक्षित परिवेश उपलब्ध कराने हेतु संचालित “मजनू अभियान” के परिणामस्वरूप छेड़छाड़ जैसे अपराधों में पिछले वर्ष की तुलना में 22.3% की कमी दर्ज की गई है। अभियान के तहत अब तक 622 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। पकड़े गए युवकों के अभिभावकों को बुलाकर उन्हें समझाइश दी जा रही है, ताकि वे अपने बच्चों को जिम्मेदार सामाजिक व्यवहार हेतु प्रेरित कर सकें और भविष्य में ऐसी गतिविधियों को रोक सकें।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक मथुरा प्रसाद, उप निरीक्षक धनवंती, महिला प्रधान आरक्षक रामसखी, प्रधान आरक्षक अवधेश खटिक एवं आरक्षक प्रदीप रावत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टीकमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शालीन, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण निर्मित करने के अपने संकल्प के साथ “मजनू अभियान” आगे भी सख्ती और निरंतरता से जारी रहेगा।

